चंडीगढ़ नगर निगम में दिखा AAP का जलवा, क्या Punjab Election में भी दिखेगा असर

डीएनए हिंदी वेब डेस्क | Updated:Dec 27, 2021, 10:47 PM IST

Image Credit- Twitter/AamAadmiParty

आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) को उम्मीद है कि चंडीगढ़ में मिली जीत का असर पंजाब के चुनाव विधानसभा के चुनाव में भी दिखाई देगा.

डीएनए हिंदी. पंजाब चुनाव से पहले चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) को बड़ी सफलता हाथ लगी है. चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी प्रत्याशी ने न सिर्फ मौजूदा मेयर को उनकी सीट पर मात दी है बल्कि वो निगम की सबसे बड़ी पार्टी बनकर भी उभरी है. इस चुनाव में जीत से आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता उत्साहित हैं. आम आदमी पार्टी ने पहली बार ही चंडीगढ़ नगर निगम का चुनाव लड़ा है. 

आम आदमी पार्टी को उम्मीद है कि चंडीगढ़ में मिली इस जीत का असर पंजाब के चुनाव विधानसभा के चुनाव में भी दिखाई देगा. पंजाब में पिछली बार आम आदमी पार्टी ने पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ा था और वो राज्य में दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी. पार्टी के नेताओं को उम्मीद है कि इसबार राज्य में आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी.

चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में पार्टी की जीत पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा, "चंडीगढ़ नगर निगम में आम आदमी पार्टी की ये जीत पंजाब में आने वाले बदलाव का संकेत है. चंडीगढ़ के लोगों ने आज भ्रष्ट राजनीति को नकारते हुए AAP की ईमानदार राजनीति को चुना है. AAP के सभी विजयी उम्मीदवारों एवं सभी कार्यकर्ताओं को बहुत-बहुत बधाई.
इस बार पंजाब बदलाव के लिए तैयार है."

चंडीगढ़ में AAP ने किया उलटफेर
चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के मौजूदा महापौर रविकांत शर्मा को आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी दमनप्रीत सिंह के हाथों हार मिली है. इतना ही नहीं आम आदमी पार्टी ने चंडीगढ़ नगर निगम की 35 सीटों में से 14 पर जीत दर्ज की है जबकि पिछली बार 20 सीटें जीतने वाली भाजपा को महज 12 सीटें ही नसीब हुई हैं. कांग्रेस ने इसबार 8 सीटों पर जीत दर्ज की है. शिरोमणि अकाली दल का भी एक उम्मीदवार चंडीगढ़ नगर निगम के चुनाव में जीता है.

Punjab Elections Nagar Nigam Chandigarh Nagar Nigam Hindi News Hindi Samacar