उत्तराखंड के पानी से डूबेगी दिल्ली? डेंजर लेवल पार यमुना नदी में आ रहा और जल सैलाब, 5 पॉइंट्स में पढ़ें ताजा हालात

डीएनए हिंदी वेब डेस्क | Updated:Jul 11, 2023, 11:54 AM IST

Delhi में यमुना नदी का जल स्तर लगातार बढ़ता जा रहा है.

Flood Alert: दिल्ली में यमुना नदी का स्तर 205.33 मीटर के खतरे के निशान से ऊपर पहुंच चुका है. इसके चलते रेलवे के पुराने लोहे के पुल को बंद कर दिया गया है. अब उत्तराखंड ने भी भारी मात्रा में पानी यमुना में छोड़ दिया है.

डीएनए हिंदी: Weather Updates- रिकॉर्डतोड़ बारिश के कारण पहले से ही दिल्ली में नाव चलाने की नौबत आ चुकी है. अब यमुना नदी ने भी देश की राजधानी के लिए 'रेड अलर्ट' जारी कर दिया है. राजधानी में यमुना नदी ने मंगलवार सुबह खतरे का स्तर पार कर लिया है. उत्तराखंड में यमुना नदी घाटी क्षेत्र में भारी बारिश के कारण बाढ़ के हालात बन गए हैं, जिनके चलते सोमवार को हथिनी कुंड बैराज से छोड़े गए भारी मात्रा में पानी का सीधा असर दिल्ली में यमुना नदी के जलस्तर पर पड़ा है. अब मंगलवार सुबह फिर से हथिनी कुंड बैराज से भारी मात्रा में पानी छोड़ा गया है, जिसके दिल्ली पहुंचने पर सबकुछ डुबा देने का खतरा पैदा हो गया है. उधर, भारतीय मौसम विभाग ने उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश व हरियाणा के यमुना से सटे इलाकों में मंगलवार को भी भारी बारिश का अनुमान जताया है. इसके चलते यमुना नदी की बाढ़ और ज्यादा खतरनाक होने वाली है.

आइए 5 पॉइंट्स में जानते हैं फिलहाल यमुना नदी का क्या हाल है.

1. यमुना नदी ने पार कर लिया है 206 मीटर का स्तर

हरियाणा स्थित हथिनी कुंड बैराज से सोमवार दोपहर एक बजे यमुना नदी में 1,90,837 क्यूसेक पानी छोड़ा गया था, जो मंगलवार सुबह दिल्ली पहुंच गया. इसके बाद दिल्ली में जल प्रलय जैसे हालात बन गए हैं. केंद्रीय जल आयोग के मुताबिक, दिल्ली में यमुना नदी ने मंगलवार सुबह 2-6.24 मीटर का स्तर पार कर लिया था. यमुना नदी में खतरे का स्तर 205.33 मीटर है, जो पहले ही पार हो चुका है. इसके चलते दिल्ली में लाल किले के पास बने पुराने लोहे के पुल पर आवाजाही बंद कर दी गई है. मानक के हिसाब से 207.49 मीटर पर खतरनाक बाढ़ घोषित कर दी जाती है. इस मानक के कुछ ही घंटे में छू लेने का अनुमान है.

2. हथिनी कुंड बैराज से छोड़ा गया 2.72 लाख क्यूसेक पानी

उत्तराखंड के यमुना घाटी इलाके में भारी बारिश हुई है, जिसके चलते यमुना नदी में बादल फटने जैसे हालात बन गए हैं. भारी मात्रा में पानी और मलबा निचले इलाकों की तरफ बहकर आया है. इसके चलते हरियाणा में हथिनी कुंड बैराज से मंगलवार सुबह 7 बजे 2 लाख 72 हजार क्यूसेक पानी और छोड़ना पड़ा है. इसके बाद यमुना में पानी का लेवल 70 हजार क्यूसेक के पार कर गया है. यह पानी मंगलवार शाम तक दिल्ली पहुंचने का अनुमान है, जिसके बाद राजधानी के यमुना के आसपास के निचले इलाके पूरी तरह जलमग्न होने का अनुमान लगाया जा रहा है. 

3. यमुना एरिया में लगातार हो रही है बारिश, हथिनी कुंड अब भी ओवरफ्लो

यमुना नदी के कैचमेंट एरिया में लगातार बारिश होने के कारण भारी मात्रा में पानी आ रहा है. इसके चलते हथिनी कुंड बैराज अब भी ओवरफ्लो हो रहा है. बैराज पर मंगलवार सुबह 9 बजे 3,20,000 क्यूसेक पानी दर्ज किया गया है, जिसमें से कम से कम 1,00,000 क्यूसेक पानी को छोड़ने की जरूरत बताई गई है. यह पानी छोड़ा गया तो दिल्ली और उससे आगे यमुना किनारे के सभी शहरों के निचले इलाके डूब जाएंगे.

4. उत्तराखंड में 3 दिन का अलर्ट, हरियाणा में भी बारिश, दिल्ली के लिए खतरा बढ़ा

उत्तराखंड में भारतीय मौसम विभाग ने अगले 3 दिन तक भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है. इसका सीधा असर दिल्ली पर पड़ेगा. यमुना घाटी में और ज्यादा बारिश होने पर दिल्ली में बाढ़ के हालात और ज्यादा खतरनाक होने के आसार हैं. हरियाणा के लिए भी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने अंबाला, यमुनानगर, करनाल और पानीपत जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. ये सभी यमुना से सटे एरिया हैं. इसके अलावा हरियाणा की मुख्य नदियों में भी जलस्तर डेंजर लेवल पर पहुंच चुका है. इनमें से कई का पानी भी यमुना में पहुंचता है. इसका असर भी दिल्ली की बाढ़ पर पड़ेगा, जिससे राजधानी में खतरा बढ़ गया है. 

5. दिल्ली सरकार कर रही 40 हजार लोगों को शिफ्ट

दिल्ली सरकार ने यमुना में लगातार बढ़ रहे जलस्तर और हथिनीकुंड बैराज से छोड़े गए पानी के बाद लोगों को शिफ्ट करने का फैसला लिया है. मंत्री आतिशी के मुताबिक, यमुना नदी में रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए 50 से ज्यादा मोटरबोट तैनात की गई हैं. साथ ही यमुना खादर से 40,000 लोगों को सुरक्षित जगह शिफ्ट किया जा रहा है. यमुना नदी के किनारे रहने वाले लोग खुद भी सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने लगे हैं. 

देश-दुनिया की ताज़ा खबरों Latest News पर अलग नज़रिया, अब हिंदी में Hindi News पढ़ने के लिए फ़ॉलो करें डीएनए हिंदी को गूगलफ़ेसबुकट्विटर और इंस्टाग्राम पर. 

Delhi Floods Himachal pradesh Rains NDRF Punjab Floods uttarakhand flood