Chandrayaan-3: चांद की सतह पर अठखेलियां करता दिखा प्रज्ञान रोवर, इसरो ने जारी किया वीडियो 

डीएनए हिंदी वेब डेस्क | Updated:Aug 31, 2023, 05:25 PM IST

ISRO Release Pragyan Rover Video

ISRO New Video Pragyan Rover: इंडियन स्पेस रिसर्च ऑर्गनाइजेशन (ISRO) ने प्रज्ञान रोवर का एक नया वीडियो जारी किया है. इसमें रोवर प्रज्ञान चांद की सतह पर घूमता-फिरता दिख रहा है. यह वीडियो विक्रम लैंडर के कैमरे से बनाया गया है. 

डीएनए हिंदी: चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के बाद अब प्रज्ञान रोवर चांद के दक्षिणी ध्रुव के बारे में महत्वपूर्ण तथ्य जुटा रहा है. इसरो ने हाल ही में एक नया वीडियो शेयर किया है जिसमें प्रज्ञान रोवर चांद की सतह पर घूमता-फिरता दिख रहा है. इस वीडियो को देखकर यूजर्स अलग-अलग तरह के कमेंट कर रहे हैं. कुछ लोग रोवर की तुलना खुशी से कूदते छोटे बच्चे से कर रहे हैं. प्रज्ञान रोवर ने अपने नाम की ही तरह चांद के बारे में कई तरह की जानकारी अब तक इसरो को भेजी है. यह वीडियो विक्रम लैंडर के कैमरे से बनाया गया है. इसे अब तक अलग-अलग ट्विटर हैंडल से शेयर किया गया है और अब तक लाखों में व्यूज मिल चुके हैं. 

ISRO ने शेयर किया प्यारा वीडियो 
इसरो ने प्रज्ञान रोवर और मिशन की जानकारी देते हुए वीडियो शेयर किया है. इसरो ने वीडियो का कैप्शन दिया है, 'सुरक्षित रास्ते की तलाश में रोवर को रोटेट किया गया है. विक्रम लैंडर के कैमरे से प्रज्ञान रोवर का यह वीडियो बनाया गया है. ऐसा लगता है जैसे कोई बच्चा चंदा मामा के आंगन में अठखेलियां कर रहा है और मां उसे प्यार से देख रही हो. है न?' इस 24 सेकंड के वीडियो को अब तक खूब पसंद किया जा रहा है. वीडियो को लोग खूब पसंद कर रहे हैं.

यह भी पढ़ें: Super Blue Moon: देखें दुनिया भर में कब, कहां कैसा दिखा ब्लू मून

प्रज्ञान रोवर आकार में बहुत छोटा है लेकिन चांद के दक्षिणी सतह के बारे में कई महत्वपूर्ण जानकारी इसने अब तक दी है. आगे भी रोवर की ओर से भेजी जानकाी का इसरो की टीम विस्तार से अध्ययन करेगी. प्रज्ञान रोवर की ओर से दी जानकारी में चांद की सतह पर सल्फर मिलने की पुष्टि हुई है. अल्फा पार्टिकल एक्स-रे स्पेक्ट्रोस्कोप (एपीएक्सएस) नाम के डिवाइस ने चंद्रमा पर गंधक के साथ-साथ अन्य छोटे तत्वों का भी पता लगाया है.

यह भी पढ़ें: चंद्रमा पर क्यों हो रही है बर्फ खोजने की कवायद, क्या ढूंढ पाएगा चंद्रयान-3? पढ़ें जरूरी बात

चांद के बारे में रहस्यों की खोजबीन कर रहा है प्रज्ञान
प्रज्ञान रोवर 26 किलो का है और इसमें 6 पहिए लगे हुए हैं. यह रोवर सोलर एनर्जी से चलता है और इसलिए खास तौर पर चांद पर लैंडिंग उस वक्त कराई गई है जब सुबह का समय था क्योंकि चंद्रमा पर सूर्योदय 15 दिनों का होता है. प्रज्ञान अपने वैज्ञानिक उपकरणों का इस्तेमाल करके यह पता लगाने का काम कर रहा है कि दक्षिणी ध्रुव वाले इलाके में चंद्रमा की मिट्टी और चट्टानें किस चीज से बनी हैं. चांद की सतह पर पानी और बर्फ के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी जुटाएगा.

देश-दुनिया की ताज़ा खबरों Latest News पर अलग नज़रिया, अब हिंदी में Hindi News पढ़ने के लिए फ़ॉलो करें डीएनए हिंदी को गूगलफ़ेसबुकट्विटर और इंस्टाग्राम पर.

chandrayaan Chandrayaan-3 Pragyan Rover ISRO