Gurmeet Ram Rahim को फिर मिली फरलो, जानें 3 साल में कितनी बार जेल से बाहर आया है डेरा सच्चा सौदा प्रमुख

डीएनए हिंदी वेब डेस्क | Updated:Nov 20, 2023, 08:54 PM IST

गुरमीत राम रहीम (फाइल फोटो)

Dera Sacha Sauda Chief Parole Updates: डेरा सच्चा सौदा प्रमुख को जेल में अच्छे व्यवहार के लिए 21 दिन की फरलो की मंजूरी मिली है. इस दौरान उसके उत्तर प्रदेश के बरनावा स्थित आश्रम में रहने की संभावना है.

डीएनए हिंदी: Gurmeet Ram Rahim Latest News- रेप और हत्या का दोष साबित होने के बाद जेल में बंद डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह एक बार फिर बाहर आने जा रहा है. राम रहीम (Dera Sacha Sauda Chief Gurmeet Ram Rahim Singh) को 21 की फरलो पर जेल से बाहर आने की मंजूरी मिल गई है. किसी भी कैदी को फरलो जेल में अच्छा व्यवहार दिखाए जाने के बदले दी जाती है. फिलहाल हरियाणा के रोहतक जिले की सुनारिया जेल में बंद राम रहीम के फरलो अवधि में उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में रहने की संभावना है, जहां उसका बरनावा में एक आश्रम मौजूद है. राम रहीम पिछले तीन साल से जेल में बंद है और यह 8वां मौका है, जब सरकार ने जेल से बाहर आने के लिए उसकी पैरोल या फरलो मंजूर की है. इससे पहले भी चार बार वह जेल से रिहाई मिलने पर बरनावा रह चुका है, जहां इस साल जनवरी में उसका तलवार से बर्थडे केक काटने का वीडियो सोशल मीडिया पर बेहद विवादित रहा था. इस बार भी रोहतक प्रशासन ने राम रहीम की फरलो मंजूर करने से पहले बागपत जिला प्रशासन से उसके वहां रहने के दौरान दिखाए आचरण की रिपोर्ट मांगी थी. 

जुलाई के बाद अब आएगा जेल से बाहर

डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम इससे पहले जुलाई में जेल से बाहर आया था. तब उसे 20 जुलाई को 30 दिन की पैरोल दी गई थी. तब भी वह बरनावा आश्रम में ही ठहरा था. बरनावा आश्रम में वह जुलाई से पहले साल 2022 में 17 जून को 30 दिन के लिए, 15 अक्तूबर को 40 दिन के लिए और साल 2023 में 21 जनवरी को 40 दिन के लिए भी रह चुका है. बागपत के बिनौली थाने की तरफ से राम रहीम के आचरण की रिपोर्ट रोहतक जिला प्रशासन को भेजी गई है. इस थाने के एरिया में ही बरनावा आश्रम आता है. इस रिपोर्ट के बाद ही राम रहीम की फरलो मंजूर की गई है.

25 अगस्त 2017 से जेल में बंद है राम रहीम

गुरमीत राम रहीम सिंह को साल 2017 में पंचकूला की स्पेशल CBI कोर्ट ने सजा सुनाई थी. अदालत ने उसे अपने सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा आश्रम में सेविकाओं के साथ रेप का दोषी पाया था. साथ ही उस पर पत्रकार राम चंद्र छत्रपति और डेरा सच्चा सौदा के मैनेजर रणजीत सिंह की हत्या का दोष भी साबित हुआ था. इसके लिए राम रहीम को 20 साल जेल की सजा सुनाई गई थी. इसके बाद 25 अगस्त, 2017 से राम रहीम हरियाणा की जेल में बंद है. 

कब-कब जेल से रिहाई दे चुकी है हरियाणा सरकार

राजस्थान चुनाव में लाभ लेने की कवायद तो नहीं ये रिहाई?

हरियाणा की भाजपा सरकार पर राम रहीम के जरिये चुनावी राजनीति करने का भी आरोप लगा है. राम रहीम को पैरोल और फरलो देने की टाइमिंग और किसी ने किसी चुनाव की टाइमिंग के मेल के कारण ये आरोप लगते रहे हैं. साल 2022 में पंजाब के चुनाव के समय राम रहीम को पैरोल मिली थी. पंजाब में राम रहीम का एक बड़े तबके में प्रभाव माना जाता है. इसके बाद जून में भी हरियाणा निकाय चुनाव के समय रिहाई दी गई. अक्टूबर, 2022 में रिहाई भी 3 नवंबर को होने वाले आदमपुर विधानसभा उपचुनाव से ठीक पहले दी गई थी. हालांकि हरियाणा सरकार इसे महज संयोग बताकर टालती रही है. अब राजस्थान में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान से ठीक पहले राम रहीम की जेल से रिहाई को लेकर भी यही आरोप लग रहे हैं. बता दें कि हरियाणा से सटे राजस्थानी इलाकों में भी राम रहीम के फॉलोअर्स की खासी संख्या मानी जाती है.

देश-दुनिया की ताज़ा खबरों Latest News पर अलग नज़रिया, अब हिंदी में Hindi News पढ़ने के लिए फ़ॉलो करें डीएनए हिंदी को गूगलफ़ेसबुकट्विटर और इंस्टाग्राम पर.

Baba Gurmeet Ram Rahim Dera chief Gurmeet Ram Rahim Gurmeet Ram Rahim Ram Rahim News Ram Rahim Parole Ram Rahim haryana news ram rahim furlough Dera Sacha Saudha