Taj Mahal Closed: अब ताजमहल भी किया गया बंद, व्यू पॉइंट तक पहुंचा यमुना का पानी, आगरा में अलर्ट

डीएनए हिंदी वेब डेस्क | Updated:Jul 18, 2023, 02:07 PM IST

Taj Mahal

Agra Yamuna Water Level: आगरा में ताजमहल के चारों ओर यमुना का पानी पहुंच गया है. पूरे शहर के निचले इलाकों में जल भराव के चलते कई इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है.

डीएनए हिंदी: इस साल यमुना नदी की बाढ़ ने दिल्ली से लेकर आगरा तक को बेहाल कर दिया है. दिल्ली में लाल किले की दीवार तक यमुना का पानी पहुंचने के बाद हड़कंप मच गया था. दिल्ली में यमुना का जलस्तर कम होने के बाद अब आगरा में तबाही आ रही है. यमुना का पानी लगभग 45 साल के बाद ताजमहल की दीवार तक पहुंच गया है. बताया जा रहा है कि पानी ताजमहल के व्यू पॉइंट तक पहुंच चुका है, जिस कारण पर्यटकों के लिए ताजमहल बंद कर दिया गया है. ताजमहल के आसपास भरे पानी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं. सामने आई तस्वीरों में देखा जा सकता है कि ताजमहल की दीवार से सटे हुए पार्क और अन्य जगहों पर यमुना नदी का पानी भरा हुआ है. आगरा में यमुना का जलस्तर भी तेजी से बढ़ता जा रहा है जिसके चलते निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है.

आगरा शहर के कई इलाकों में यमुना का पानी भर गया है. एत्माद्दौला स्मारक, पोइयाघाट और ताजगंज श्मशान में पानी भर गया है. आगरा में भी यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से कई फीट ऊपर तक पहुंच गया है. प्रशासन अलर्ट मोड पर है और निचले इलाकों को खाली करवाया जा रहा है. गोकुल बैराज से आगरा की ओर लगातार पानी छोड़े जाने के कारण यमुना का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. लोगों से अपील की जा रही है कि वे यमुना के किनारे न जाएं और निचले इलाकों को खाली कर दें.

यह भी पढ़ें- ऑस्ट्रेलिया के बीच पर गिरा चंद्रयान-3 का मलबा? तस्वीरें देख हर कोई हैरान

ऐतिहासिक धरोहरों तक पहुंच रहा है पानी
दिल्ली में लाल किले तक पानी पहुंचने के बाद हाहाकार मच गया था. ठीक उसी तरह आगरा में ताजमहल, मेहताब बाग, रामबाग और चीना का रोजा तक पानी पहुंच गया. यमुना के किनारे बनी एत्माद्दौली की कोठरियों में पानी भर गया है. इसके अलावा, जोहरा बाग से सटकर पानी बह रहा है. दिल्ली में यमुना का जलस्तर कम हो रहा है लेकिन जो पानी यहां से बह चुका है वह अब आगरा में तबाही मचा रहा है. आने वाले दो दिनों तक यमुना का जलस्तर बढ़ने का अनुमान जताया गया है.

यह भी पढ़ें- विपक्षी एकता के जवाब में दिल्ली में जुटेगा NDA, जानिए इन 38 दलों की ताकत

बता दें कि दिल्ली में यमुना का जलस्तर कम होने के बाद रास्ते चालू हो गए हैं. यमुना पर बने रेलवे ब्रिज पर भी ट्रेनों का आवागमन शुरू कर दिया गया है. हालांकि, निचले इलाकों में पानी भरा हुआ है. सरकार का अनुमान है कि अगर अगले कुछ दिनों तक बारिश नहीं होती है तो यमुना का पानी खतरे के निशान से नीचे उतर जाएगा और दिल्ली पर मंडरा रहा बाढ़ का खतरा भी टल जाएगा.

देश-दुनिया की ताज़ा खबरों Latest News पर अलग नज़रिया, अब हिंदी में Hindi News पढ़ने के लिए फ़ॉलो करें डीएनए हिंदी को गूगलफ़ेसबुकट्विटर और इंस्टाग्राम पर.

yamuna water level agra floods Taj Mahal agra taj mahal