IMD Alert: गर्मी ने निकाला दम! दिल्ली, हरियाणा समेत कई राज्यों में तापमान ने किया बुरा हाल

डीएनए हिंदी वेब डेस्क | Updated:Apr 11, 2022, 11:23 PM IST

लू का कहर (सांकेतिक तस्वीर) 

Summers: भीषण गर्मी ने पूरे भारत का तापमान बढ़ाया हुआ है. जानिए कितना रहा आज का तापमान.

डीएनए हिंदीः उत्तर भारत में गर्मी कहर बरपा रही है. लू के थपेड़ों ने घर से बाहर निकलना मुश्किल कर दिया है. दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जो अप्रैल में पांच साल में सबसे अधिक है.

हरियाणा (Haryana) और पंजाब (Punjab) में भी लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा रहा है. दोनों राज्यों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर दर्ज किया गया है.

मौसम विभाग (IMD) के आंकड़ों के अनुसार, राजधानी में इस साल अप्रैल में अब तक पांच दिन ऐसे दर्ज किए गए हैं जब सबसे ज्यादा लू चली है. यह संख्या 12 वर्षों में सबसे अधिक हैं. मंगलवार से बादल छाए रहने से भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिलने का अनुमान है.

ये भी पढ़ेंः Uber से सफर करने वालों को झटका! Petrol के बढ़ते दाम की वजह से किराए में इजाफा

सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से सात डिग्री अधिक है. राजधानी में 21 अप्रैल, 2017 को अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था. महीने का अब तक का उच्चतम अधिकतम तापमान 29 अप्रैल, 1941 को 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था. यह भी 72 साल में पहली बार हुआ है कि दिल्ली में अप्रैल के पहले पखवाड़े में इतना अधिक तापमान दर्ज किया गया है.

स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्टेशन शहर का सबसे गर्म स्थान रहा जहां अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. अधिकतर स्थानों पर तामपान 42 डिग्री से ज्यादा रहा. राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों में पिछले एक सप्ताह से लू चल रही है और अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है.

चंडीगढ़ से मिली खबर के अनुसार, हरियाणा के फरीदाबाद स्थित बोपणी में सबसे अधिक 45.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है. राज्य के गुरुग्राम और हिसार में भी लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा और अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री दर्ज किया गया है.

ये भी पढ़ेंः क्या अब बदलेगा Sultanpur का नाम? BJP MLA ने की यह मांग

मौसम केन्द्र के अनुसार, हरियाणा के नारनौल, भिवानी, रोहतक, अंबाला और सिरसा में भी अधिकतम तापमान क्रमश: 43.5 डिग्री, 42.5 डिग्री, 43.2 डिग्री, 41.2 डिग्री और 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है.

पंजाब में भठिंडा सबसे गर्म स्थान रहा जहां पर अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.राज्य के अमृतसर, लुधियाना, पटियाला और जालंधर में भी अधिकतम तापमान क्रमश: 41.2 डिग्री,41.5 डिग्री, 42.6 डिग्री और 41.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में सोमवार को अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री रहा.

जम्मू से प्राप्त खबर के अनुसार, जम्मू में सोमवार को मौसम का सबसे गर्म दिन रहा. यहां तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 7.5 डिग्री अधिक था. वैष्णो देवी मंदिर जाने वाले तीर्थयात्रियों के आधार शिविर कटरा में अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 21.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. अधिकारी ने बताया कि श्रीनगर में अधिकतम तापमान 28.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. उन्होंने बताया कि शहर में दिन का तापमान औसत से 8.8 डिग्री अधिक रहा जबकि रात का तापमान भी सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक रहा था. 

गूगल पर हमारे पेज को फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें. हमसे जुड़ने के लिए हमारे फेसबुक पेज पर आएं और डीएनए हिंदी को ट्विटर पर फॉलो करें.

गर्मी तापमान तापमान में वृद्धि दिल्ली गर्मी